38th National Games: उत्तराखंड में 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक 38वें राष्ट्रीय खेल खेले जाएंगे। इसको लेकर 25 अक्टूबर 2024 को भारतीय ओलंपिक संघ की आम सभा की बैठक होगी, जिसमें पूरा कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
इस बार उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के साथ ही विंटर नेशनल गेम का आयोजन किया जाएगा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नई दिल्ली में भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा से मुलाकात की।
सीएम धामी ने कहा कि यह हमारे लिए यह सौभाग्य की बात है कि 38वें राष्ट्रीय खेलों की जिम्मेदारी उत्तराखंड को मिली है। इसके लिए उन्होंने भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा का आभार जताया।
सीएम धामी ने पीटी उषा को बदरीनाथ और केदारनाथ दर्शन के लिए आमंत्रित किया। सीएम ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए उत्तराखंड पूरी तरह से तैयार है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन बहुत ही भव्य तरीके से किया जाएगा। जिन राज्यों में पिछले राष्ट्रीय खेल हुए हैं, उनके अनुभवों के आधार पर भी राज्य में बेहतर तरीके से खेलों के आयोजन के लिए कार्य किए जाएंगे।
सीएम ने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि उत्तराखंड में होने वाले राष्ट्रीय खेलों का आयोजन शानदार रहे। सीएम ने बताया खेलों के लिए आने वाले खिलाड़ियों और देश भर से आने वाले लोगों के लिए प्रदेश में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय खेल के आयोजन से प्रदेश के लोगों का मनोबल बढ़ेगा। उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेलों के माध्यम से एक अच्छा मंच मिलेगा।
हरियाणा बीजेपी ने राहुल गांधी को भिजवाई जलेबी, जानिए जलेबी कैसे बनी चर्चा का विषय